09 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। आगामी दुर्गा उत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की दिशा में मध्य नगरी दुर्गा उत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए, जिन पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति जताई।

बैठक में विजय वर्मा एवं लकी त्रिपाठी को समिति का संयुक्त अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं नीरज वर्मा और गुड्डू अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी से आगामी दुर्गा उत्सव की तैयारियों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

समिति ने यह भी निर्णय लिया कि मध्य नगरी दुर्गा उत्सव समिति का विधिवत पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही समिति के नाम से बैंक खाता खोल दिया गया है, ताकि सभी वित्तीय लेन-देन पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किए जा सकें।

आधुनिक व्यवस्था को अपनाते हुए समिति ने रसीदों में QR/बारकोड प्रणाली लागू करने का भी निर्णय लिया है। इससे श्रद्धालु और सहयोगकर्ता डिजिटल माध्यम से सुरक्षित एवं आसान भुगतान कर सकेंगे, जिससे आर्थिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

बैठक में समिति के सम्मानित सदस्यों के साथ सामान्य सदस्य राजेश वर्मा, अशोक त्रिपाठी, कमल सोनी, विजय वर्मा, ए-1, संतु पांडे, बबलू वर्मा, चुट्टू अवस्थी, अमित राय, राज शर्मा, आशीष ‘पिट्टू’ शर्मा, जय शर्मा, पांडा महाराज, कोमल शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि इस वर्ष मध्य नगरी दुर्गा उत्सव को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सहभागिता के साथ पहले से अधिक भव्य, अनुशासित और यादगार बनाया जाएगा।
