07 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना पुलिस ने खेतों में लगे बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार और वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को किसानों से लगातार बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
05 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत से लगभग 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया लगभग 2 किलो तांबे का तार तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-13 AV-0523) बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ धारा 3(5) भी जोड़ते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
