06 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में सोमवार को “निवारक सतर्कता, शिकायत निवारण एवं सतर्कता प्रशासन” विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सतर्कता आयोग, नई दिल्ली के परामर्शदाता श्री राजीव वर्मा ने प्रभावी सतर्कता प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने पर विस्तृत विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की जांच या दंड देना नहीं है, बल्कि ऐसी पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे अनियमितताओं की संभावना न्यूनतम हो। उन्होंने शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण, जोखिम आधारित सतर्कता प्रणाली और सर्वोत्तम प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्रभावी शासन का आधार बताया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, निदेशक (वित्त) श्री दरला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चंद्र महापात्र सहित विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। एसईसीएल के सभी संचालन क्षेत्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने कहा कि पारदर्शिता, नैतिकता और जवाबदेही एसईसीएल की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। निवारक सतर्कता प्रभावी प्रशासन का महत्वपूर्ण स्तंभ है और ऐसे संवाद संगठन में सत्यनिष्ठा की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि एसईसीएल में डिजीकोल तथा ऑनलाइन पोर्टल जैसी सूचना प्रौद्योगिकी आधारित प्रणालियां निर्णय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह बनाने के साथ-साथ निवारक सतर्कता व्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।
सत्र के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सतर्कता प्रशासन, शिकायत निवारण एवं अनुशासनात्मक प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री राजीव वर्मा ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ विस्तार से उत्तर दिया।
इससे पूर्व श्री राजीव वर्मा ने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उनकी अध्यक्षता में विभागाध्यक्षों एवं सतर्कता विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सतर्कता व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
