06 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक ने तलवार लेकर बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल दो लोगों से मारपीट की, बल्कि वाहन के शीशे भी तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देकर इलाके में दहशत फैला दी। सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार जब्त कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पंजाब निवासी ट्रेलर चालक मख्खन सिंह रायगढ़ से लोहा लोड कर अपने गृह राज्य लौट रहा था। दोपहर में भोजन करने के लिए वह संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा पहुंचा। इसी दौरान ढाबे के बाहर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी का अन्य लोगों से विवाद चल रहा था। मख्खन सिंह, दरबारा सिंह और इशाक खान जब विवाद शांत कराने पहुंचे तो आरोपी आगबबूला हो गया।
आरोप है कि हरप्रीत सिंह ढाबे से तलवार लेकर आया और दरबारा सिंह तथा इशाक खान पर तलवार के चपटे हिस्से से हमला कर दिया। इस हमले में दरबारा सिंह की पीठ और इशाक खान के सिर में चोटें आईं। आरोपी ने मख्खन सिंह और इशाक खान के वाहन के शीशे भी तोड़ दिए तथा तलवार लहराकर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलते ही सकरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना सकरी पुलिस ने डायल-112 टीम के सहयोग से आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (26 वर्ष), निवासी तरनतारण, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक तलवार जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल एवं डायल-112 के आरक्षक धीरेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
