06 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बरसात का मौसम शुरू होते ही बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर ने आम नागरिकों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने और विद्युत उपकरणों व लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

बिजली कंपनी ने कहा है कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, एचटी लाइनों और टूटे हुए तारों के संपर्क में आने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। इसलिए किसी भी क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन या उपकरण को हाथ न लगाएं तथा ऐसी स्थिति दिखाई देने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1912, मोर बिजली एप अथवा निकटतम वितरण केंद्र एवं जोन कार्यालय को सूचना दें।
कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों के आसपास जमा पानी से दूर रहें, क्योंकि उसमें करंट फैल सकता है। गीले हाथों से बिजली के उपकरणों का उपयोग न करें तथा रबर या प्लास्टिक के जूते पहनकर ही विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल करें।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित करना गैरकानूनी और जानलेवा है। बिजली की लाइनों के नीचे निर्माण न करें, हुकिंग से बिजली का उपयोग न करें, कटे-फटे तारों का इस्तेमाल न करें और बच्चों को विद्युत उपकरणों के आसपास खेलने से रोकें।
यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो सबसे पहले बिजली का प्रवाह बंद करें। यदि स्विच बंद करना संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को तार से अलग करें। इसके बाद प्राथमिक उपचार देकर तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि आंधी, तूफान और बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था बहाल करना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। ऐसे समय में उपभोक्ता धैर्य रखें, लाइन कर्मचारियों का सहयोग करें और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर 5 से 10 मिनट प्रतीक्षा कर टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि विद्युत लाइनों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ही बारिश के मौसम में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
