30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। सड़क दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-53 को करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम कर कानून व्यवस्था बाधित करने वालों पर पुसौर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। बलवा, राजमार्ग अवरुद्ध करने, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को ग्राम कठली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्राम टपरदा निवासी 40 वर्षीय शंकरध्वज निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची, लेकिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शव हटाने का विरोध करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर धरना देकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर पत्थर और पेड़ों की डालियां रखकर भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।
प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस द्वारा लगातार समझाइश देने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने, जिससे लगभग साढ़े पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, मार्ग से अवरोध हटाया गया और शव को वैधानिक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
घटना के दौरान कानून व्यवस्था बाधित करने, राजमार्ग अवरुद्ध करने, गाली-गलौज और धमकी देने के आधार पर थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 126(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि दुर्घटना जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में नागरिकों को शांति और संयम बनाए रखना चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग या सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर कानून हाथ में लेना दंडनीय अपराध है। भविष्य में ऐसे मामलों में कानून व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
