30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म एवं ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) बीएनएस तथा 4 एवं 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक धीरज, पिता विजय धीरज, निवासी सिलपहरी, सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई है।
29 जून 2026 को नाबालिग पीड़िता ने थाना तोरवा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि पढ़ाई के दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। आरोपी ने विश्वास में लेकर उसे अपने झांसे में फंसाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार आरोपी 18 अगस्त 2025 से 6 जून 2026 तक लगातार उसका यौन शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने उससे मिलने से इनकार किया तो आरोपी उसे ब्लैकमेल कर धमकाने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी तोरवा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिरगिट्टी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 30 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
