30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना तोरवा
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने नशे की हालत का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मुक्तिधाम के पास स्थित शराब भट्ठी के समीप नशे की हालत में था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसे अपने साथ कुछ दूरी तक ले गए और उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा सोने की बाली चोरी कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीस मसीह (40 वर्ष) निवासी देवरीडीह तथा अरुण उर्फ गोलू नेताम (20 वर्ष) निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10 BN-7932, एक मोबाइल फोन तथा एक सोने की बाली बरामद कर ली गई।
तोरवा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
