30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। पूंजीपथरा पुलिस ने वाहन चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी पल्सर बाइक जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को पूंजीपथरा निवासी आशीष कुमार बान्डेकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जून की रात उन्होंने अपनी नई बजाज पल्सर 125 (क्रमांक CG-13-BD-2757) घर की परछी में खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। शिकायत पर पूंजीपथरा थाना में अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम महुआ चौक, तुमीडीह के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पकड़कर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राम सिदार निवासी ग्राम चिराईपानी, थाना पूंजीपथरा बताया और बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर बाइक लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण उसने अपनी बाइक रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दी। इसके बाद वह पूंजीपथरा बस्ती पहुंचा और एक मकान की परछी में खड़ी नई बजाज पल्सर चोरी कर अपने घर ले जाकर छिपा दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई बजाज पल्सर के साथ उसकी स्वयं की पल्सर बाइक भी बरामद कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव सहित पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
