30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बिल्हा
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 122 पाव अवैध देशी शराब जब्त कर उसे गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना पुलिस ने क्षेत्र में बीट भ्रमण, जनसंपर्क और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था।
इसी दौरान 29 जून 2026 को सूचना मिली कि ग्राम भैसबोड़ निवासी महेश कोसले (38 वर्ष) अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान एक सफेद थैले से 97 पाव देशी प्लेन शराब तथा एक काले पिट्ठू बैग से 25 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कुल 122 पाव (21.960 लीटर) अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 10,260 रुपये है, जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
