30 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल तथा अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी भी मौजूद रहे।

जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने शिक्षा, पेयजल, आवास, भूमि, राजस्व, बिजली और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत कीं। तखतपुर विकासखंड के उस्लापुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला घुरु की शाला प्रबंधन समिति ने स्कूल के जर्जर किचन भवन को बच्चों के लिए खतरा बताते हुए सेंटर किचन के माध्यम से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की मांग की।

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम दर्राभांठा के ग्रामीणों ने सार्वजनिक हैंडपंप पर कथित कब्जे की शिकायत करते हुए जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं सीपत तहसील के ग्राम कुकुदा की प्रभा बाई साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि फर्जी तरीके से निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराते हुए राशि वापस दिलाने की मांग रखी।
ग्राम जलसो के 64 वर्षीय किसान अशोक शुक्ला ने वर्षों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की एक भी किश्त नहीं मिलने की समस्या उठाई। बोदरी तहसील के ग्राम सरवानी के ग्रामीणों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ट्रांसफार्मर नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी देते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
लोफंदी के भूमिहीन किसानों ने अपनी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और सीमांकन नहीं होने की शिकायत की। वहीं मोपका निवासी भगवती प्रसाद ने अपनी पुत्री का स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, लिंगियाडीह में प्रवेश दिलाने का अनुरोध किया।
जनदर्शन में आवास, भूमि, राजस्व, अवैध कब्जा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं के प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
