29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:भारत सरकार के कोयला मंत्रालय ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास को महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। केंद्रीय कोयला मंत्री की स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार यह अतिरिक्त दायित्व 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। यह व्यवस्था छह माह अथवा नियमित निदेशक (मानव संसाधन) की नियुक्ति या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।
श्री बिरंची दास ने 20 मार्च 2024 को एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) का पदभार ग्रहण किया था। लगभग तीन दशक के अनुभव के साथ उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन, औद्योगिक संबंध, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उनके नेतृत्व में एसईसीएल की प्रमुख सीएसआर पहल “एसईसीएल की धड़कन” के अंतर्गत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 300 बच्चों की सफल हृदय शल्य चिकित्सा कराई जा चुकी है। वहीं “एसईसीएल के सुश्रुत” योजना के दो बैच सफलतापूर्वक पूर्ण हुए हैं। यह देश के किसी भी कोयला सार्वजनिक उपक्रम की पहली योजना बनी, जिसे भारत सरकार के डीबीटी पोर्टल पर सूचीबद्ध किया गया।
मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 से अब तक 1,623 से अधिक भू-स्वामियों तथा 946 आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। कर्मचारी कल्याण, औद्योगिक संबंधों और संगठनात्मक विकास के लिए भी कई नवाचार एवं कर्मचारी हितैषी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गई हैं।
श्री बिरंची दास ने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1994 में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के तालचेर क्षेत्र स्थित देउलबेरा कोलियरी में वेलफेयर ऑफिसर (प्रशिक्षु) के रूप में की थी। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय, ओडिशा से पर्सोनल मैनेजमेंट एवं इंडस्ट्रियल रिलेशंस में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।
एमसीएल में अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने, गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के आवास आवंटन नियमों तथा विभिन्न मानव संसाधन नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ ईस्ट रेलवे लिमिटेड (सीईआरएल) एवं छत्तीसगढ़ ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिमिटेड (सीईडब्ल्यूआरएल) के निदेशक मंडल के सदस्य भी हैं।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
