29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार सहित अन्य हथियार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 969/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 296, 115(2), 351(3), 191(2), 191(3), 331(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
घटना 26 जून 2026 की रात लगभग 11:30 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह में हुई। प्रार्थी निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व तलवार से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों युवक पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर के भीतर घुसकर बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। आरोपी सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार के कब्जे से धारदार तलवार मिलने पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी प्रकरण में जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) तथा राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को भी विधिवत निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
