29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/लैलूंगा
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारखंड के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 7 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़ जंगल के रास्ते फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में गौवंशों की अवैध तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि बोलेरो पिकअप क्रमांक JH-01-FL-9697 में गौवंशों को अमानवीय तरीके से भरकर झारखंड स्थित बूचड़खाने ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सोनाजोरी-बरदरहा जंगल मार्ग पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
वाहन की तलाशी में 5 गाय एवं 2 बछुआ सहित कुल 7 गौवंश भूखे-प्यासे और क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए करीब 35 हजार रुपये मूल्य के गौवंश तथा लगभग 3 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप जब्त की। कुल 3 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 208/2026 दर्ज कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने किया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, नंद कुमार पैंकरा तथा आरक्षक राजू तिग्गा और अभय मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “गौवंशों की अवैध तस्करी और उनके साथ क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के माध्यम से ऐसे अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच आगे भी इसी तरह चलती रहेगी।”
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
