29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी में लेबर क्वार्टर पर बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी के दो संचालकों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। मर्ग जांच में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और निर्माण में लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कंपनी परिसर के समीप बनी बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से लेबर क्वार्टर में रह रहे मजदूर रंभा यादव, सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 30 वर्षीय रंभा यादव की मौत हो गई, जबकि सुनील परमार और रिंकी डेलकी का उपचार जारी है।
मर्ग क्रमांक 41/2026 की जांच में सामने आया कि कंपनी संचालक दयानंद अग्रवाल एवं शंकर अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट में महालक्ष्मी कास्टिंग प्रा. लि. की बाउंड्री वॉल से सटाकर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था। इसी लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण मानते हुए थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 148/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) एवं 125(ए) के तहत दोनों संचालकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तकनीकी और वैधानिक पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर मजदूरों के जीवन को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
