29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सीपत
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मचखंडा में मोबाइल एवं किराना दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मचखंडा निवासी प्रहलाद कुमार साहू की मोबाइल एवं किराना दुकान में 26 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर खिड़की के रास्ते दुकान में घुस गए। चोर दुकान से 5 नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई एंड्रॉयड मोबाइल, 2 ब्लूटूथ स्पीकर, 3 ईयरबड्स, एक फ्लिप कवर, परफ्यूम, सिगरेट एवं नकदी सहित लगभग 25 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए।
प्रकरण दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी सीपत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी (18 वर्ष) निवासी बजौर बिटूपारा, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामग्री: 5 नए कीपैड मोबाइल, 1 रियलमी 5आई एंड्रॉयड मोबाइल, 2 ब्लूटूथ स्पीकर, 3 ईयरबड्स, 1 फ्लिप कवर, परफ्यूम, सिगरेट सहित कुल लगभग 25 हजार रुपये का मशरूका।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
