29 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर:मस्तुरी पुलिस ने करोड़ों रुपये के उच्च गुणवत्ता वाले जी-11 कोयले की हेराफेरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में वैभव सोनी उर्फ चुकलू (30 वर्ष) निवासी भेनसर जयरामनगर तथा निखिल साहू (33 वर्ष) निवासी गोल्डन पार्क बोदरी शामिल हैं।
मामले में शिकायतकर्ता कप्तान सत्यनारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एसीसीएल गेवरा माइंस से राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के लिए भेजे गए लगभग 30 हजार टन जी-11 ग्रेड कोयले की खेप में तीन ट्रेलरों के माध्यम से रास्ते में हेराफेरी कर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की जगह घटिया और गिट्टी मिश्रित कोयला प्लांट पहुंचाया गया, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने ट्रेलर चालकों, वाहन मालिकों और अन्य आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गेवरा माइंस से लोड किए गए जी-11 कोयले को बेलतरा टोल प्लाजा स्थित कोल डिपो में उतारकर वहां रोलर मशीन से निम्न गुणवत्ता वाले कोयले में मिलावट की जाती थी और फिर उसे राशि प्लांट भेज दिया जाता था। इस अवैध कमाई का पैसा गिरोह के सभी सदस्य आपस में बांटते थे।
पुलिस ने पूर्व में इस मामले में आकाश सिंघल, सुमित यादव, सूरज सिंह और जयकांत यादव को गिरफ्तार कर तीन ट्रेलर, रोलर मशीन तथा लगभग 30 टन कोयला जब्त किया था। फरार चल रहे वैभव सोनी और निखिल साहू की तलाश के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर दो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
मस्तुरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
