24 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक युवती से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय युवती ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई कि 22 जून 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान रंजीत कुर्रे जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी इच्छा के विरुद्ध अभद्र हरकत करते हुए हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा बाल पकड़कर खींचते हुए थप्पड़ और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) निवासी घरघोड़ा के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सहायक उप निरीक्षक नरेन्द्र सिदार, महिला प्रधान आरक्षक उषारानी तिर्की एवं आरक्षक यशवंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं के विरुद्ध छेड़छाड़, हिंसा और अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
