24 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 K 2311 में शराब की खेप लेकर चकरभाठा से परसदा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा की टीम ने होटल सेंट्रल प्वाइंट के आगे मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोका।
तलाशी लेने पर बाइक में रखी प्लास्टिक बोरी से 120 पाव देशी प्लेन शराब कीमत लगभग 9,600 रुपये तथा 6 नग बीयर कीमत 1,260 रुपये बरामद हुई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त TVS गिक्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब 50,000 रुपये को भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजय कौशिक (36 वर्ष) निवासी हिर्री, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर बताया। आरोपी ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। वहीं साथ मौजूद विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
