22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/तिफरा
बिलासपुर। शहर के तिफरा ओवरब्रिज पर सोमवार को रफ्तार ने एक बार फिर खून से सड़क को लाल कर दिया। तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक सामान्य गति से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेलगाम वाहन ने उन्हें रौंदते हुए टक्कर मार दी। टक्कर का असर इतना भयावह था कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन से जा टकराई।
हादसे के बाद ओवरब्रिज पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक एक युवक की सांसें थम चुकी थीं। घायल युवक को गंभीर अवस्था में सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौत का कारण बने वाहन का चालक इंसानियत को शर्मसार करते हुए मौके से फरार हो गया। न घायल की सुध ली और न ही रुककर मदद करने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही डायल-112, सिविल लाइन थाना पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन की पहचान में जुट गई है।
प्रारंभिक जांच में स्पष्ट संकेत मिले हैं कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग जिम्मेदार है। अब पुलिस उस वाहन और चालक की तलाश कर रही है जिसने कुछ ही सेकंड में एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
रफ्तार का यह खूनी तांडव फिर दे गया चेतावनी:तिफरा ओवरब्रिज पर हुआ यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क पर बेलगाम रफ्तार के खिलाफ एक दर्दनाक सबक है। कुछ क्षणों की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली और दूसरे को अस्पताल के बिस्तर पर पहुंचा दिया। सवाल यह है कि आखिर कब थमेगा सड़कों पर मौत बनकर दौड़ती रफ्तार का यह खूनी खेल?
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
