22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रायगढ़ पुलिस ने फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए ₹10,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आदेश जारी कर कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने अथवा उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस के अनुसार थाना कोतरारोड़ के अपराध क्रमांक 178/2026 में विनय सिंह ठाकुर पिता गजराज सिंह ठाकुर, निवासी विकास नगर गली क्रमांक-03, कोतरारोड़, रायगढ़ को आरोपी बनाया गया है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
240 लीटर नकली शराब के साथ हुआ था बड़ा खुलासा
गौरतलब है कि 8 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था।
कार्रवाई के दौरान लगभग 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, नकली होलोग्राम, फर्जी लेबल, ढक्कन और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई थी।
मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल ने पूछताछ में बताया था कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से यह अवैध कारोबार चला रहा था।
शराब में स्प्रिट और चायपत्ती का रंग मिलाकर करते थे बिक्री:जांच में सामने आया कि गिरोह बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण कर उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। रंग फीका पड़ने पर चायपत्ती का रंग मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री कराई जाती थी।
पुलिस ने पहले ही आरोपी सुभाष पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है।
घर पर चस्पा किया गया नोटिस:17 जून को पुलिस टीम जब आरोपी के घर पहुंची तो मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे।
संपत्ति कुर्की की तैयारी शुरू:एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाने के लिए जिला पंजीयक एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजा है। संपत्तियों का विवरण मिलने के बाद न्यायालय के समक्ष कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद ली जा रही है।
एसएसपी का संदेश:एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जो भी व्यक्ति फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी में सहयोग करेगा अथवा ऐसी महत्वपूर्ण सूचना देगा जिससे गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
