22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने और रोमांच के नाम पर लोगों की जान खतरे में डालने वाली स्टंटबाजी पर चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार क्रेटा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 की देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हिर्री माइंस के पास एक क्रेटा कार (CG 10 BE 4400) तेज गति से दौड़ रही थी। कार में सवार युवक सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे न केवल उसकी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ गई थी।
मामले की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को ट्रेस कर थाना लाया। पूछताछ में वाहन चालक प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड, महुआ होटल के पास, बिलासपुर ने घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
