22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/थाना सरकंडा
बिलासपुर। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए सरकंडा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 नग महंगे स्मार्टफोन, कीमती हाथ घड़ियां और नकदी रकम बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों में सफलता हासिल की।
रात के अंधेरे में घर में घुसकर की चोरी:पहले मामले में जोरापारा निवासी तारकेश्वर साहू के घर से देर रात श्याओमी और सैमसंग कंपनी के मोबाइल, दो हाथ घड़ियां और नगदी चोरी कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में नूतन चौक के आसपास घूम रहा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी निखिल सोनी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के दोनों मोबाइल, घड़ियां और नगदी बरामद कर ली गई।
गांजा और महंगे मोबाइल का शौक बना चोरी की वजह
दूसरे मामले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को पकड़ा जिसने शहर के कई इलाकों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे गांजा पीने और महंगे मोबाइल रखने का शौक है। इसी शौक को पूरा करने के लिए वह सूने मकानों और मजदूरों के कमरों को निशाना बनाता था।
आरोपी ने अशोक नगर, खमतराई, स्वर्णिमा कॉलोनी और बगदई मंदिर क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 09 महंगे स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनमें Vivo, Poco, Motorola, Oppo, Realme और Infinix कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
दोनों आरोपी निकले आदतन अपराधी:पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी के अपराध अजमानतीय होने के कारण दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
