22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। खरसिया क्षेत्र में बेवजह विवाद, मारपीट और गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चौकी खरसिया पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और बिना नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम रतन महका निवासी चन्द्रहास राठौर (25) ने 17 जून 2026 को चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह दिशा मैदान के लिए जा रहा था। इसी दौरान गांव के शिव मंदिर के पास उसे शनि महंत और शिवदास महंत मिले। दोनों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। जब उसने पैसे देने से मना किया तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
आरोप है कि शिवदास महंत उर्फ माडू ने हाथ में रखे बांस के डंडे से चन्द्रहास के बाएं हाथ पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 297/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी घटना के बाद फरार हो गए थे। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिव दास महंत उर्फ माडू से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा तथा आरोपी शनि महंत उर्फ सागर दास से बिना नंबर की काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
शिव दास महंत उर्फ माडू (18 वर्ष), निवासी रतन महका, चौकी खरसिया
शनि महंत उर्फ सागर दास (20 वर्ष), निवासी रतन महका, चौकी खरसिया
जप्ती
एक बांस का डंडा
एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (बिना नंबर)
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा, कीर्ति सिदार एवं सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
