22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/मस्तूरी
बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र में कोयले की हेराफेरी और मिलावट के बड़े खेल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

मामले में ट्रेलर चालक, वाहन मालिकों और कोल डिपो संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी कप्तान सत्यनारायण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसीसीएल गेवरा माइंस से राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड के लिए भेजे गए जी-11 ग्रेड के कोयले की जगह प्लांट में मिलावटी और निम्न गुणवत्ता वाला कोयला पहुंचाया जा रहा था। जांच के दौरान तीन ट्रेलरों में संदिग्ध कोयला मिलने पर मामला सामने आया।
विवेचना में खुलासा हुआ कि ट्रेलरों में लोड किए गए उच्च गुणवत्ता के कोयले को रास्ते में बेलतरा टोल प्लाजा के पास स्थित एक कोल डिपो में उतार दिया जाता था। इसके बाद ट्रेलरों में गिट्टी मिश्रित खराब कोयला भरकर राशि प्लांट भेजा जाता था। इस पूरे खेल में ट्रेलर चालक, वाहन मालिक और कोल डिपो संचालक शामिल थे।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक जयकांत यादव ने बताया कि गेवरा माइंस से लाए गए जी-11 कोयले को आकाश सिंघल के कोल डिपो में खाली किया जाता था, जहां उसे अन्य कोयले के साथ मिलाकर बेचा जाता था। बदले में मिलने वाली रकम का बंटवारा आरोपियों के बीच किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी जयकांत यादव, सुनीत यादव, सूरज सिंह और कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्रयुक्त तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और करीब 30 टन कोयला जब्त किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
