22 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सोमवार सुबह बड़ा अभियान चलाया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन रेड और चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस ने 85 संदिग्ध एवं आदतन अपराधियों को हिरासत में लेकर सत्यापन और पूछताछ की।

अभियान के दौरान निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। जांच के बाद 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस की सख्ती यहीं नहीं रुकी। कार्रवाई के दौरान 25 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। वहीं 4 व्यक्ति अवैध धारदार हथियारों के साथ पकड़े गए, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, मारपीट, भय का माहौल बनाने, अवैध हथियार रखने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य सख्त कानूनी प्रावधान भी लागू किए जाएंगे।
बिलासपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अपराध, चाकूबाजी और गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
