21 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (South Eastern Coalfields Limited) द्वारा “एसईसीएल योग महोत्सव 2026” के तहत वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी बिलासपुर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

योग सत्र का संचालन ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया।

आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास अपनाने, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय सहित कंपनी की सभी क्षेत्रों एवं इकाइयों में योग संबंधी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लिया।
