20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/तमनार
रायगढ़। तमनार क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर निकले ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये पार करने वाले शातिर नट गिरोह का रायगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सात दिनों तक जशपुर जिले में लगातार कैंप कर पुलिस टीम ने गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक तथा डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल लोहे के औजार बरामद किए गए हैं।
मामला 8 जून 2026 का है, जब तमनार स्थित अपेक्स बैंक से ग्राम गौरबहरी निवासी 60 वर्षीय लोकेश्वर पटेल ने 2 लाख रुपये निकाले थे। रकम को मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर वह तहसील कार्यालय चले गए। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर उनकी डिक्की टूटी हुई मिली और अंदर रखी पूरी रकम गायब थी। घटना की रिपोर्ट पर तमनार थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। फुटेज की पहचान स्थानीय लोगों और सरपंच से कराई गई, जिसमें आरोपी की पुष्टि हुई।
जांच में पता चला कि विशाल उर्फ हरि नट पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है और एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में बंद है। इसके बाद पुलिस का फोकस उसके साथी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट पर गया।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने जशपुर जिले में सात दिनों तक लगातार निगरानी रखी और आखिरकार पत्थलगांव क्षेत्र के झक्कड़पुर गांव के पास खेत में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। हालांकि उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में उगला पूरा राज:पुलिस पूछताछ में धर्मेन्द्र नट ने कबूल किया कि उसने विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी की थी। दोनों ने लोकेश्वर पटेल को बैंक से निकलते देखा और मौका मिलते ही उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी कर लिए। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम बांटने के बाद उसके हिस्से में आए 1 लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
दो बाइक और औजार बरामद:आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी के पैसों से खरीदी गई दूसरी नई अपाचे बाइक और डिक्की तोड़ने में उपयोग किए गए लोहे के औजार बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने नागरिकों को किया सतर्क:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस उठाईगिरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में पेशेवर तरीके से कार्रवाई कर रही है। बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और धन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए। ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी :
धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट (40 वर्ष), निवासी झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
