20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/सकरी
बिलासपुर:कोयले में मिलावट कर करोड़ों रुपये के अवैध खेल को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ सकरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बहुचर्चित कोयला चोरी और मिलावट कांड में फरार चल रहे आरोपी अजय कुमार सिंह को आखिरकार सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से फरार आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतत निगरानी और मुखबिर तंत्र की सूचना के आधार पर उसे कोनी क्षेत्र से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, लोखंडी के प्रतिनिधि आर.के. पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपका कोल माइंस से एफ/जी ग्रेड का कोयला मंगाया गया था, लेकिन जब कोयला संयंत्र पहुंचा और उसकी जांच कराई गई तो उसमें भारी गड़बड़ी सामने आई। प्रयोगशाला परीक्षण में पाया गया कि ट्रेलरों में लाया गया कोयला निर्धारित गुणवत्ता का नहीं था।
पूछताछ में ट्रेलर चालकों ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक तथा प्लांट के कुछ जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत से उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की चोरी कर उसमें निम्न स्तर का कोयला मिलाकर सप्लाई किया जा रहा था। इस खुलासे के बाद सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 552/2026 के तहत धारा 116(3), 117(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में पहले ही छह आरोपियों आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी, गौरव राजपूत, सीबू खान और दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। वहीं इस पूरे षड्यंत्र में शामिल अजय कुमार सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
सकरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की और आखिरकार उसे कोनी क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि कोयला चोरी और मिलावट के इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
