20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर बिलासपुर पुलिस एवं यातायात विभाग ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है।
जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी, जबकि परीक्षार्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
परीक्षा में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एवं उनके अभिभावकों के शहर पहुंचने की संभावना को देखते हुए कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए परीक्षा दिवस पर शहर में विभिन्न दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट भी किया जा सकेगा। पुल-पुलिया, संकीर्ण मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सुबह 10 बजे से लेकर परीक्षा प्रारंभ होने तक तथा शाम 5 बजे परीक्षा समाप्ति के बाद शहर में यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यथासंभव शहर के बाहरी एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
यातायात विभाग ने यह भी कहा है कि सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मौके पर तैनात यातायात एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें, जिससे परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
