20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव स्मृति राज्य प्रशिक्षण खेल परिसर, बहतराई में जिला प्रशासन द्वारा भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह 6:45 बजे से 7:45 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 2 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। योगाभ्यास के बाद सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। जिला प्रशासन ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस अवसर पर विधायक बिलासपुर अमर अग्रवाल, विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक, विधायक तखतपुर धर्मजीत सिंह, विधायक बेलतरा सुशांत शुक्ला, विधायक कोटा अटल श्रीवास्तव, विधायक मस्तूरी दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का आधार है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज को भी निरोग एवं सशक्त बना सकता है। कलेक्टर ने नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है।
रनिंग टाइटल : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बहतराई में होगा सामूहिक योग कार्यक्रम– केंद्रीय मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि– 2 हजार से अधिक लोग करेंगे योगाभ्यास– योग के बाद दिलाई जाएगी नशा मुक्ति की शपथ–
