20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। जिले में महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान “संवेदना” के तहत कापू पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के गुमशुदगी मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार जून माह की शुरुआत में कापू थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय बालिका अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बालिका की खोजबीन शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य जानकारियों के आधार पर लगातार पड़ताल की। इसी दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस टीम जशपुर जिले के पत्थलगांव पहुंची, जहां से बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि पत्थलगांव निवासी 19 वर्षीय सागर लहरे ने नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मामले में अपहरण के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बालिका का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया। वहीं आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के गुम होने या किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
