20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस की एंड-टू-एंड जांच से अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश
रायगढ़। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अप्रैल माह में 52 किलोग्राम गांजा के साथ पकड़े गए अंतरराज्यीय तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ओडिशा के कंधमाल जिले में दबिश देकर इस पूरे नेटवर्क की मुख्य महिला सप्लायर सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपिया को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 22 अप्रैल 2026 को खरसिया रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवकों को बड़ी मात्रा में गांजा के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में उनकी पहचान दिनेश कुमार बेहरा (22), शिवा बेहरा (21) और देवी प्रसाद कंहर (19) निवासी कंधमाल, ओडिशा के रूप में हुई थी।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 16.1 किलो, 20.4 किलो और 15.5 किलो गांजा, कुल 52 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 25 लाख 62 हजार रुपए आंकी गई थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि वे ट्रेन के जरिए गांजा लेकर मध्यप्रदेश के बीना जा रहे थे, लेकिन रेलवे पुलिस की जांच की सूचना मिलने पर खरसिया स्टेशन में उतरकर बचने का प्रयास कर रहे थे।
पूछताछ में खुला मुख्य सप्लायर का नाम:गिरफ्तार तस्करों से अलग-अलग पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। आरोपियों ने बताया कि यह गांजा उन्हें संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली महिला मामी मलिक ने उपलब्ध कराया था और उसे मध्यप्रदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने बताए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की, जिसमें नंबर सुभद्रा दिगल उर्फ मामी मलिक के नाम पर पंजीकृत पाया गया।
कंधमाल में दबिश, महिला सप्लायर गिरफ्तार:सुराग मिलने के बाद चौकी खरसिया पुलिस की टीम ने ओडिशा के कंधमाल जिले के थाना गोच्छापाड़ा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। पुलिस ने आरोपिया सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक विवो वी-60 टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
तस्करी के पूरे नेटवर्क पर पुलिस की नजर:रायगढ़ पुलिस अब केवल वाहक तस्करों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। एंड-टू-एंड जांच के जरिए सप्लायर, ट्रांसपोर्टर, रिसीवर और आर्थिक लाभ लेने वाले सभी लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गिरफ्तार आरोपिया
सुभद्रा उर्फ मामी मलिक (41 वर्ष)
निवासी ग्राम लादापतर, थाना फिरंगिया, जिला कंधमाल (ओडिशा)
वर्तमान निवासी नेडीपोड़ा, थाना गोच्छापाड़ा, जिला कंधमाल (ओडिशा)
जप्ती
एक नग विवो वी-60 टच स्क्रीन मोबाइल फोन
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
