20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित एसईसीएल योग महोत्सव 2026 के अंतर्गत शनिवार को वसंत क्लब, बिलासपुर में महिलाओं के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के साथ उपाध्यक्ष श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार, श्रीमती विनीता जैन एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र सहित महिला मंडल की सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संवर्धन और मानसिक संतुलन के लिए योग के महत्व को समझा।

योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षक सुश्री अंशुल सैनी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लाभों की जानकारी दी। सत्र के दौरान महिलाओं ने योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी लिया।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एसईसीएल द्वारा योग महोत्सव के तहत विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। योग दिवस के मुख्य आयोजन में वसंत क्लब में कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास भी कराया जाएगा।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
