20 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत किसानों को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से आयोजित कार्यक्रम में 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के पात्र किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की।
इस अवसर पर बिलासपुर जिले के 99 हजार 906 किसान परिवारों के खातों में लगभग 19 करोड़ 98 लाख रुपये की राशि पहुंची। किस्त जारी होने से किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया, क्योंकि खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच यह आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
कृषि विज्ञान केंद्र, सरकंडा में प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी, जहां बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने समय पर सम्मान निधि की राशि मिलने पर खुशी जताई और कहा कि इससे बीज, उर्वरक तथा अन्य कृषि जरूरतों की पूर्ति में मदद मिलेगी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की यह योजना खेती-किसानी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैविक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है और गुणवत्तापूर्ण व स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न का उत्पादन संभव होता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष के प्रतिनिधि जोगेंद्र कश्यप, उप संचालक कृषि पी.डी. हाथेश्वर, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. गीत शर्मा, कृषि महाविद्यालय के डीन आरकेएस तोमर सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इस दौरान किसानों को पीएम-किसान योजना से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ ई-केवाईसी, एग्रीस्टैक फार्मर्स आईडी, आधार सत्यापन और बैंक खाते की जानकारी अपडेट रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया। जिले के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किसानों को सुनाया गया।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
