11 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़/पूंजीपथरा
रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे एक आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया गया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 जून 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तराईमाल स्थित सिंघल प्लांट के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर उसे लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों में भय और दहशत फैला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साकिर अली (45 वर्ष) निवासी तिवारी मटिहनिया, थाना बिसम्बरपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पाए जाने पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा एवं आरक्षक सुरेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
