11 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शादी का झांसा देकर युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने वाले 5 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को सरकंडा पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन माह से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोनी थाना क्षेत्र के पौसरा निवासी अजय कुमार बघेल (26 वर्ष) पिछले चार वर्षों से उसे प्रेम और विवाह का झांसा देकर अपने प्रभाव में रखे हुए था। आरोप है कि 4 नवंबर 2024 को आरोपी ने शादी का वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और इसके बाद लगातार शादी का भरोसा देकर उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक अप्रैल 2025 में वह गर्भवती हो गई थी। इस दौरान आरोपी ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाकर एक माह का गर्भ गिरा दिया। बाद में आरोपी और उसके परिजनों ने सामाजिक स्तर पर विवाह कराने का आश्वासन भी दिया, लेकिन बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया और युवती से संपर्क तोड़ लिया।
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिस पर पुलिस द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, उप निरीक्षक अमृत लाल साहू, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरावी एवं आरक्षक रमेश देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
