12 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस ने अड्डेबाजी चेकिंग अभियान के दौरान धारदार बटनदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का बटनदार चाकू और ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चकरभाठा थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी और चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 11 जून 2026 को बीएसपी रोड पर चेकिंग के दौरान राहुल रजक नामक युवक अपने हाथ में धारदार लोहे का बटनदार चाकू लेकर ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा में घूमते हुए लोगों को भयभीत करता मिला।
पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू के साथ उपयोग में लाई जा रही होंडा एक्टिवा को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल रजक (19 वर्ष), पिता दिनेश रजक, निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक-15, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
