11 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों से जुड़े संवेदनशील मामले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पीड़ित बच्चियों की मां ने राज्य के गृह मंत्री सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजकर मामले की जांच में कथित लापरवाही और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद पुलिस द्वारा समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका बनी रही। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों और परिस्थितियों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जबकि यह मामला दो मासूम बच्चियों की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा हुआ है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक परिणाम नहीं मिला है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच किसी स्वतंत्र और वरिष्ठ अधिकारी से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

ज्ञापन में गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक, महिला आयोग और अन्य संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप कर मामले की पुनः समीक्षा कराने, कथित जांच संबंधी त्रुटियों की जांच करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
यह मामला अब प्रशासनिक और पुलिस महकमे के लिए भी परीक्षा का विषय बन गया है। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि उच्चस्तरीय हस्तक्षेप के बाद मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
