11 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई, 6.168 किलो गांजा तस्करी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज गांजा तस्करी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी सतीश गोरख (31 वर्ष) को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बीड़पारा स्थित एक मकान में छापेमारी कर 6.168 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस कार्रवाई में आरोपी इरशाद खान को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर गांजा की बिक्री करता है।
जांच के दौरान मोहम्मद वसीम को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि गांजा उसे रायगढ़ निवासी सतीश गोरख उपलब्ध कराता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी, जबकि मुख्य सप्लायर सतीश गोरख फरार चल रहा था।
लगातार तलाश के बाद 10 जून को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सतीश गोरख को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बकरी-व्यापार के बहाने ओडिशा जाता था और वहीं से गांजा खरीदकर रायगढ़ लाता था। उसने बताया कि 23 मई को ओडिशा के कनकतुरा क्षेत्र से गांजा खरीदकर मोहम्मद वसीम को बिक्री के लिए दिया था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि गांजा बिक्री से उसे 30 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध से अर्जित 2,750 रुपये नकद जब्त किए हैं। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन पानी में गिरकर खराब होने की जानकारी आरोपी ने पुलिस को दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
