10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:आर्यन फिल्म के तत्वावधान में “चेतना” (अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर) अभियान के अंतर्गत ‘जागरूक नारी’ मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रार्थना भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में मासिक धर्म को लेकर व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर कर महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अभियान को सफल बनाने में रेपिडो, टर्सेल, जीवधर्णी संस्था, एनएसएस, आधारशीला मंदिर स्कूल, यूनिसेफ तथा भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. एल.सी. मढ़रिया ने की।

‘बुके नहीं, बुक दें’ पहल की सराहना
कलेक्टर संजय अग्रवाल की “बुके नहीं, बुक दें” पहल को आगे बढ़ाते हुए आर्यन फिल्म के डायरेक्टर रामानंद तिवारी एवं उनकी टीम ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ के स्थान पर श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पुस्तकें और कॉपियां पहुंचाकर उनकी शिक्षा में सहयोग करना है।
मासिक धर्म को लेकर जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि माहवारी कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है। महिलाओं और किशोरियों को हर 4 से 6 घंटे में सेनेटरी पैड बदलने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त पानी पीने तथा पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार की असामान्य शारीरिक परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की बात कही गई।
डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिस शब्द में “धर्म” जुड़ा हो, वह अपवित्र नहीं हो सकता। उन्होंने समाज से मासिक धर्म को लेकर रूढ़िवादी सोच छोड़ने और इन दिनों महिलाओं के स्वास्थ्य व आराम का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि आर्यन फिल्म द्वारा बनाई गई जागरूकता फिल्म “साइलेंट” समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
विशेष चिकित्सकीय परामर्श शिविर भी लगाया गया
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एल.सी. मढ़रिया के मार्गदर्शन में शहर की 10 स्त्री रोग विशेषज्ञों का विशेष पैनल बनाया गया। इस पैनल के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को बिना किसी झिझक के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को दूर करने और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
