10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार कर रही रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर से एक व्यक्ति को 1120 नग गोगो रैपर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर जिले के तिल्दा से यह सामग्री खरीदकर रायगढ़ में पान ठेलों के माध्यम से चोरी-छिपे बेच रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति नशे में उपयोग होने वाले गोगो रैपर बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली चक्रधरनगर के कब्जे से दो कार्टूनों में रखे 20 डिब्बों से कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह सामग्री तिल्दा, जिला रायपुर से करीब 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार इन रैपरों में तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में उपयोग किया जाता है, जिससे युवाओं के बीच नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। आरोपी की गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ कोटपा एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
