10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़:संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 20 टन 700 किलोग्राम लोहे के स्क्रैप को जब्त किया है।
पुलिस ने स्क्रैप से भरे 12 चक्का ट्रक सहित कुल लगभग 9.22 लाख रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध कबाड़ परिवहन और संग्रहण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पुसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरिया-सारंगढ़ की ओर से ट्रक क्रमांक ओडी 05 वाई 1490 में भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूरजगढ़ पुल के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका। पूछताछ में चालक रामा विश्कर्मा (38 वर्ष), निवासी मयूरभंज, ओडिशा ने वाहन में 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप होना बताया।
पुलिस ने स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चोरी की संपत्ति होने के संदेह में चालक और जब्त सामग्री को थाना लाकर बीएनएसएस की धारा 35(1)(बी)(ii) के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ट्रक में लोड लोहे के स्क्रैप तथा 12 चक्का ट्रक को जब्त किया गया। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्क्रैप का स्रोत क्या है तथा कहीं यह चोरी की संपत्ति तो नहीं है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक श्याम महंत तथा आरक्षक उमाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
