10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर:बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता से सराबोर माहौल के बीच साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में आयोजित “एसईसीएल समर कैंप-2026” का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में आयोजित समापन समारोह में बच्चों ने योग, नृत्य, संगीत, खेलकूद, कला एवं शिल्प सहित विभिन्न गतिविधियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर 21 दिनों की अपनी सीख और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन रहीं। कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एचआर-जेसीसी प्रतिनिधि, वेलफेयर कमेटी के सदस्य, श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। योग एवं फिटनेस प्रदर्शन में अनुशासन और एकाग्रता की झलक दिखाई दी, वहीं नृत्य, संगीत और कला संबंधी प्रस्तुतियों में बच्चों की कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच स्पष्ट रूप से नजर आई। अभिभावकों ने भी बच्चों में आए सकारात्मक बदलाव और व्यक्तित्व विकास की सराहना की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि समर कैंप केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखते रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। अतिथियों ने बच्चों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पौधों की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि 18 मई से 10 जून 2026 तक आयोजित इस 21 दिवसीय समर कैंप में लगभग 175 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों को आयु वर्ग के अनुसार विभिन्न समूहों में विभाजित कर फिटनेस, खेलकूद, योग, संगीत, नृत्य, कला एवं शिल्प, विज्ञान एवं नवाचार, सार्वजनिक वक्तृत्व, नेतृत्व विकास सहित अनेक शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
