10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला का विश्वास जीता, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और फिर उसके अंतरंग फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र निवासी अक्षय कुमार कुम्हरानी (31 वर्ष) ने मार्च 2026 में कोरबा रेलवे स्टेशन पर एक 40 वर्षीय महिला से पहचान बढ़ाई। आरोपी ने स्वयं को पुलिस विभाग में कार्यरत बताते हुए वर्दीधारी तस्वीरें दिखाईं और विवाह का प्रस्ताव रखकर महिला को अपने झांसे में लिया। बाद में पता चला कि वह पुलिसकर्मी नहीं बल्कि सिक्योरिटी गार्ड था।
आरोपी ने महिला के अकेले रहने की जानकारी मिलने पर उसके गांव पहुंचकर शादी का प्रलोभन दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला की जानकारी के बिना अंतरंग फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भी महिला से मुलाकात कर संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया और विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 27 मई 2026 को उसके अश्लील फोटो और वीडियो इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील संदेश भेजकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला की रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में धारा 69, 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता तथा आईटी एक्ट की धारा 66-ई, 67 और 67-ए के तहत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी C-3 मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
