09 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर: समाजसेवा और जनकल्याण के प्रति अपनी सतत प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर द्वारा 08 जून 2026 को माता रानी की कुटिया वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्ध महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्य श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की आदरणीय उपाध्यक्षगण एवं सदस्याओं ने भी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रही बुजुर्ग महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. पारुली साहू एवं उनकी विशेषज्ञ टीम द्वारा 25 वृद्धजनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान रक्तचाप (बीपी), नाड़ी (पल्स), सीबीसी, आरबीएस, एचबीए1सी, लिवर प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल तथा लिपिड प्रोफाइल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क संपन्न की गईं। परीक्षण के उपरांत चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करते हुए जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती शशि दुहन ने वृद्धाश्रम में निवासरत महिलाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के लिए प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य एवं सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और श्रद्धा महिला मंडल इस दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
शिविर के समापन पर वृद्धाश्रम में रह रहे 25 बुजुर्गों को पौष्टिक नाश्ता एवं फल की टोकरियों का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से उनके प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व की भावना व्यक्त की गई।
श्रद्धा महिला मंडल की सदस्याओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सामाजिक सेवा, करुणा और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। इस आयोजन से वृद्धाश्रम की महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त हुआ तथा उनमें सुरक्षा, आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना का संचार हुआ।
