09 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/चकरभाठा
बिलासपुर/चकरभाठा: अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के वर्मा मोहल्ला में एक महिला को भारी मात्रा में महुआ शराब बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 110 लीटर महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 08 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि वर्मा मोहल्ला चकरभाठा में एक महिला अवैध रूप से बड़ी मात्रा में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सत्यवती वर्मा (35 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 09, वर्मा मोहल्ला, चकरभाठा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 15-15 लीटर क्षमता के 7 प्लास्टिक डिब्बों तथा 5 लीटर के एक अन्य डिब्बे में कुल 110 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पूछताछ में महिला ने शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
