10 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर/रतनपुर:जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 310 ग्राम गांजा, 100 पाव देशी प्लेन शराब, कच्ची महुआ शराब और बिक्री की नकदी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
दिनांक 09 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरगहनी निवासी जयराम गंधर्व अपने घर में अवैध महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसके कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की।
इसी दौरान ग्राम लखराम निवासी देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज के घर पर छापेमारी कर 100 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 18 लीटर) एवं 2 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम कलमीटार स्थित दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने गीता बाई बंजारे को 310 ग्राम गांजा और 270 रुपये की बिक्री रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, देवकी रावटे, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत, सैय्यद अकबर अली, बलदेव सिंह, धनराज कुम्भकार, संजय यादव, पवन ठाकुर एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
