05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी की समय रहते पहचान एवं रोकथाम के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बिलासपुर में 6 जून को निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित होगा, जहां नागरिकों को निःशुल्क जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिलेगी।
शिविर में विशेष रूप से स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर तथा मुख कैंसर की जांच की जाएगी। अनुभवी कैंसर विशेषज्ञों की टीम जांच के साथ-साथ कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों, बचाव के उपायों और आवश्यक होने पर आगे के उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान करेगी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय सलाह से बीमारी की गंभीरता को कम करने के साथ-साथ मरीज का जीवन भी बचाया जा सकता है। विशेष रूप से महिलाओं और तंबाकू सेवन करने वाले लोगों के लिए यह जांच बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं और अपने साथ परिवार के सदस्यों की भी जांच कराकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दें। शिविर में सभी वर्गों के नागरिकों का स्वागत है तथा जांच पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
उल्लेखनीय है कि यह कैंसर स्क्रीनिंग शिविर बालको मेडिकल सेंटर एवं जिला स्वास्थ्य समिति, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य कैंसर की शीघ्र पहचान को बढ़ावा देना और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत बनाना है।
