05 जून 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में लगातार बढ़ रही लूटपाट, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाओं के बीच कोनी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक कारोबारी पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार कतियापारा जूना बिलासपुर निवासी अभिषेक गुप्ता गोडपारा में खोवा व्यवसाय का संचालन करते हैं। गुरुवार को वे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घी खरीदने देवभोग की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 4:15 बजे जब वे बिरकोना-कोनी मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब उन्होंने वहां से निकलने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उनका पीछा कर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद चारों हमलावरों ने मिलकर डंडों और धारदार हथियार से उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में अभिषेक गुप्ता के सिर, गर्दन, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास मौजूद 1 लाख 66 हजार रुपये नगद, सैमसंग एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन तथा गले में पहनी सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए। घायल कारोबारी ने परिचितों को सूचना देने के बाद कोनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
घटना की रिपोर्ट पर कोनी पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और शहरवासियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संदिग्धों की पहचान और तलाश के लिए लगातार पतासाजी की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
